नाइजीरिया में नदी में डूबी नाम तो इथियोपिया में निर्माणाधीन चर्च गिरने से हुआ हादसा
World News Hindi (आज समाज), विश्व डेस्क : विश्व के दो देशों में दो बड़े हादसे होने से 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इन हादसों में मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। जानकारी के अनुसार नाइजीरिया की नाइजर नदीं में सवारियों से भरी एक नाव पलट गई।
इस नाव में कुल कितने लोग सवार थे इस बात की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन वहां के स्थानीय प्रशासन ने 26 लोगों की मौत की पुष्टि की है वहीं काफी ज्यादा लापता बताए जा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए कोगी राज्य के सूचना आयुक्त किंग्सले फैनवो ने बताया कि नाव में अधिकांश यात्री व्यापारी थे, जो पड़ोसी ईदो राज्य के एक बाजार में जा रहे थे। हादसे के कारण की तुरंत जानकारी नहीं मिली।
इथियोपिया में चर्च गिरा, 25 की मौत, 100 से ज्यादा घायल
इथियोपिया के अमहारा क्षेत्र में निर्माणाधीन चर्च के गिरने से सैकड़ों लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हासदे में समाचार लिखे जाने तक 25 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी थी जबकि 100 से ज्यादा घायल थे। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
चर्च में वार्षिक उत्सव के लिए जुटी थी भीड़
यह दुर्घटना मेनजार शेनकोरा अरेरती मरियम चर्च में हुई, जहां श्रद्धालु सेंट मैरी के वार्षिक पर्व पर इकट्ठा हुए थे। स्थानीय अस्पताल के चिकित्सक सेयोम अल्टाए ने बताया कि मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 25 शव बरामद किए गए हैं और घायलों की संख्या सौ से अधिक है। घायलों के इलाज के लिए अस्पताल ने रेड क्रॉस से मदद मांगी है। स्थानीय प्रशासक तेशाले तिलाहुन ने आशंका जताई कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। उन्होंने इसे समुदाय के लिए बड़ी त्रासदी बताया।
इंडोनेशिया के स्कूल के मलबे में दबे 91 छात्र
इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत में दो दिन पहले हुए हादसे में दबे बच्चों को अभी भी बाहर नहीं निकाला जा सका है। आपको बता दें कि सोमवार को अल-खोजिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की इमारत गिरने से बड़ी त्रासदी हुई। हादसे के समय सैकड़ों छात्र नमाज अदा कर रहे थे। इमारत के अवैध विस्तार कार्य के दौरान ढह जाने से अब तक 91 छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। अब तक 3 छात्रों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 100 से अधिक घायल हुए हैं। 300 से ज्यादा राहतकर्मी लगातार मलबा हटाकर फंसे छात्रों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।