सीएम नायब सैनी ने तीनों कॉलेजों के नाम बदलने को दी प्रशासनिक मंजूरी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में तीनों कॉलेजों के नाम बदलने को सीएम नायब सैनी ने प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। सरकार ने फ्रीडम फाइटर्स और शहीदों के नाम पर इन 3 कॉलेजों का नाम रखा है। इन कॉलेजों में से दो कॉलेज भिवानी ओर एक रोहतक में स्थित है। हरियाणा सरकार ने शहीदों और आजाद हिंद फौज के स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने जानकारी दी कि भिवानी जिले के राजकीय महिला महाविद्यालय बवानीखेड़ा का नाम अब आजाद हिंद फौज के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय ठाकुर शम्भु सिंह के नाम पर रखा जाएगा। राजकीय महाविद्यालय खरक (भिवानी) का नाम शहीद गजेंद्र सिंह के नाम पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त हरियाणा सरकार द्वारा राजकीय महाविद्यालय सांपला (रोहतक) का नाम शहीद राय सिंह के नाम पर रखने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

2018 वीरगति को प्राप्त हुए थे गजेंद्र सिंह

गजेंद्र सिंह 134 बटालियन सीमा सुरक्षा बल में सहायक कमांडेंट के पद पर तैनात थे। काकेर जिला (छत्तीसगढ़) के नातला आरक्षित वन क्षेत्र में मसपुर ग्राम के निकट नक्सलियों से लड़ते हुए 7 मार्च 2018 वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी वीरता के लिए 26 जनवरी 2021 को वीरता मेडल प्रदान किया गया।

राजौरी में शहीद हुए थे राय सिंह

शहीद राय सिंह 20 नवंबर 2016 को भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर जम्मू (राजौरी) में देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का यह कदम शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को विशेष सम्मान देने वाला है।

ये भी पढ़ें : हिसार में तेजधार हथियार से होटल संचालक को काटा, मौत