गोहाना, डबवाली और हांसी का दावा मजबूत
Haryana News, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा सरकार की ओर से 23वें जिले की घोषणा जल्द की जा सकती है। कयास लगाए जा रहे है कि 1 नवंबर हरियाणा दिवस के मौके पर प्रदेश सरकार की ओर से 23वें जिले के नाम का ऐलान किया जा सकता है। नए जिले को लेकर गोहाना, डबवाली और हांसी का दावा मजबूत माना जा रहा है। इनमें से एक के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

गोहाना को जिला बनाने पर सोनीपत, रोहतक और जींद की भौगोलिक स्थिति पर असर पड़ेगा। हांसी अभी हिसार जिले का हिस्सा है। वहीं, डबवाली अभी सिरसा जिले में है। डबवाली पंजाब की सीमा को छूता है। डबवाली को पहले ही पुलिस जिला बनाया जा चुका है। आखिरी बार साल 2016 में दादरी को जिला बनाया गया था। पहले दादरी भिवानी जिले का हिस्सा था।

लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ाने पर जनगणना के बाद लिया जाएगा फैसला

अभी तक सरकार के पास 10 नए जिले बनाने का प्रस्ताव आ चुका है। इनमें असंध, नारायणगढ़, मानेसर, पिहोवा, बरवाला, सफीदों, पटौदी, डबवाली, हांसी और गोहाना शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि सबसे पहले गोहाना, हांसी और डबवाली में से किसी एक को जिला बनाने की घोषणा होगी। बाकी के लिए जनगणना के बाद फैसला लिया जाएगा। गोहाना अभी सोनीपत जिले में है। इसके अलावा प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ाने पर जनगणना के बाद फैसला लिया जाएगा।

10 नए जिले, 14 उपमंडल, 4 तहसील और 27 उप-तहसील बनाने का प्रस्ताव

अब तक पुनर्गठन उप-समिति को 73 प्रस्ताव मिले हैं। इनमें 10 नए जिले, 14 उपमंडल, 4 तहसील और 27 उप-तहसील बनाने के प्रस्ताव हैं। नए जिले के लिए 125 से 200 गांव, 4 लाख से अधिक आबादी और 80 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल होना जरूरी है। समिति ने बैठक कर उपमंडल, तहसील और उप-तहसील बनाने के लिए भी अलग-अलग मानदंड तय किए हैं। बैठक में लिए गए निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अनुमोदन के लिए भेजे जाएंगे।

लोकसभा और विधानसभा की सीटों में हो सकती है बढ़ोतरी

हरियाणा में विधानसभा व लोकसभा सीटों का भी परिसीमन होना है। यह संभवत जनगणना का कार्य पूरा होने के बाद होगा। अभी प्रदेश में 90 विधानसभा हलके हैं और लोकसभा की 10 सीटें हैं। अनुमान है कि परिसीमन के बाद विधानसभा सीटों की संख्या 126 तक पहुंच सकती है, जबकि लोकसभा सीटें 14 हो सकती हैं।