पंजाब आपदा प्रभावित राज्य घोषित, पहाड़ों में बारिश से सभी प्रमुख डैम ओवरफ्लो 

Punjab Flood Live Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में बाढ़ लगातार विकाराल रूप धारण करती जा रही है। रविवार को जहां प्रदेश के आठ जिले बाढ़ की चपेट में थे वहीं बुधवार तक इसने 23 जिलों को अपनी चपेट में लिया। लगातार बारिश और बाढ़ को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे पंजाब को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है।
सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर के 324 गांवों पर पड़ा है। अमृतसर में 135, बरनाला में 134 और होशियारपुर में 119 गांव प्रभावित हुए हैं। 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं।

अभी तक इन जिलों को चपेट में लिया

अमृतसर से लेकर तरनतारन तक 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पठानकोट, पटियाला, रोपड़, नवांशहर, मोहाली, संगरूर और मुक्तसर शामिल हैं। 1400 गांव डूबे: राज्य के करीब 1400 गांव पानी की मार झेल रहे हैं। अकेले गुरदासपुर के 324 गांव डूबे हैं, जबकि अमृतसर के 135, बरनाला के 134, होशियारपुर के 119 और कपूरथला के 115 गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बाकी जिलों में भी दर्जनों गांव बाढ़ से घिरे हैं।

सेना और एनडीआरएफ की टीमें बचाव में जुटीं

प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रदेश सरकार के विभागीय कर्मचारी, सैकड़ों सामाजिक संगठन, भारतीय सेना, बीएसएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं लेकिन फिर भी हालात काबू में नहीं आ रहे हैं। एक तरफ जहां पहाड़ों में लगातार बारिश से प्रदेश की सभी बड़ी नहरें और नदियों का पानी किनारों से बाहर जा रहा है वहीं पंजाब में बीती रात से चल रही मुसलाधार बारिश भी बाढ़ की स्थिति को ज्यादा भयावह बना रही है। हालात यह हैं कि कई जगह 15-15 फीट पानी भर चुका है।

प्रदेश में अगले कुछ घंटे बहुत भारी

पंजाब में मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार 3 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने संभावना है। यह अलर्ट 3-4 सितंबर की रात 1 बजे तक रहेगा। उधर भगवंत मान ने दिन में फिरोजपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अपने पूरे साल का वेतन दान दे दिया है। उधर, हरियाणा सरकार ने भी 5 करोड़ रुपए की मदद भेजी है।

ये भी पढ़ें : Delhi Flood Update : दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर