गु्रप डी से प्रमोशन के जरिए भरे जाने है गु्रप सी के पद
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के 21 विभागों ने ग्रुप सी के खाली पदों को ब्यौरा अभी तक नहीं दिया है। जिस कारण गु्रप डी के कर्मचारियो को ग्रुप सी में प्रमोट करने में देरी हो रही है। एचआर डिपार्टमेंट के कॉमन कैडर-II के आयुक्त व सचिव ने पहला लेटर 12 मार्च 2025 को भेजा था। इसके बाद दूसरा लेटर 4 अप्रैल 2025 को और अब आखिरी चेतावनी के साथ तीसरा और अंतिम रिमाइंडर 16 जून 2025 को जारी किया गया है।
इस लेटर में स्पष्ट कहा गया है कि कई विभाग अभी तक ग्रुप-सी के उन पदों की जानकारी नहीं दे पाए हैं, जो ग्रुप-डी कर्मचारियों की प्रमोशन से भरे जाने हैं। सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि तय प्रोफार्मा में एक्सेल फॉर्मेट में जानकारी supdtcc2@gmail.com पर 26 जून 2025 तक अनिवार्य रूप से भेजें। ऐसा न करने पर मामला मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को रिपोर्ट किया जाएगा।
ग्रुप डी के कर्मचारी पदोन्नति की करते रहते हैं मांग
दरअसल, हरियाणा सरकार ने ग्रुप डी का कॉमन कैडर बनाया हुआ है। यानी ग्रुप डी में जो उम्मीदवार अब चयनित होकर नियुक्त होते हैं, उनका राज्य स्तर पर कैडर बनता है। इस कैडर में मेरिट सूची अनुसार वरिष्ठता होती है। सरकारी विभागों में कार्यरत ग्रुप डी के कर्मचारी लगातार ग्रुप सी पदों पर पदोन्नति की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग को देखते हुए मुख्य सचिव ने विभागाध्यक्षों से ग्रुप सी के रिक्त पदों की जानकारी मांगी है, जिन पदों पर ग्रुप डी के कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा सकती है।
यह मांगी गई जानकारी
इसमें जानकारी मांगी गई है कि ग्रुप सी के कुल कितने पद स्वीकृत हैं। इनमें से कितने पद प्रमोशन से भरे जाने हैं। उनमें से कितने पद रिक्त हैं। जो ग्रुप डी के कर्मचारी कॉमन कैडर से पहले से नियुक्त हैं, उनकी संख्या कितनी है। जब यह जानकारी पहुंच जाएगी तब ग्रुप डी के कॉमन कैडर से पदोन्नति होगी।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में 1684 केंद्रों पर 2 दिन में हो सकता है सीईटी एग्जाम