बिहार के मुजफ्फरनगर जिले के गांव माधोपुर के रहने वाले थे रामनाथ और मुकेश
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार में बिहार के दो मजदूरों की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक अपने साथियों सहित धान लगाने के लिए आए हुए थे। रात को खाना खाने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आज शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

रात को खाना खाने के बाद पेट में हुआ दर्द

प्राप्त जानकारी अनुसार हिसार के गांव सिसर में किसान कपिल के खेत में धान के लिए 6 मजदूर आए हुए थे। रात को खाना खाने के बाद सभी सो गए। रात करीब 3:30 बजे रामनाथ और मुकेश को पेट में तेज दर्द हुआ। दोनों को उल्टियां होने लगीं और तबीयत बिगड़ने लगी।

अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

किसान कपिल ने दोनों को पहले हांसी के नागरिक अस्पताल ले गया। वहां से उन्हें हिसार रेफर किया गया। हिसार से गंभीर स्थिति को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रविवार दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय रामनाथ और 32 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के सटीक कारणों का खुलासा

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम सोमवार को होगा। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका है। पुलिस बाकी मजदूरों से पूछताछ कर रही है। मौत का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।