शराब के नशे के आदी थे दोनों युवक
Rewari News (आज समाज) रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में 2 दोस्तों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।

फांसी लगाने वाले दोनों युवक शराब के नशे के आदी बताए जा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों शराब पीकर दिनभर घूमते थे। मानसिक रूप से ठीक भी नहीं थे। इनमें से एक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अकेला रहता था। वहीं, दूसरे के भी पिता नहीं हैं।

बेरोजगार थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार, यह मामला रेवाड़ी के गुड़ियानी गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के दो युवकों अमन और सागर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और छानबीन शुरू की।

पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि अमन और सागर दोनों गहरे दोस्त थे। दोनों बेरोजगार थे, और काफी समय से दोनों एक साथ ही रहते थे। दोनों युवक अक्सर शराब के नशे में घूमते रहते थे। रास्ते चलते लोगों से कभी-कभी झगड़ा भी करते थे।

फंदे पर लटके मिले शव

लोगों ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई को एक साथ दोनों ने अपने-अपने घर पर फांसी लगा ली। दोनों के घर एक-दूसरे से करीब सौ गज दूर हैं। इनकी मौत का पता परिजनों को 26 जुलाई को लगा।

सागर के परिजनों ने उसके कमरे में उसे फांसी पर लटके देखा। इसके बाद लोगों ने अमन को भी खोजना शुरू किया तो उसके घर में भी फंदे पर उसकी लाश लटकी हुई थी।

अमन के माता-पिता की हो चुकी मौत

पुलिस को पता चला है कि फांसी लगाने वाले युवक अमन के माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी 2 बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। दोनों बहनों की शादी के बाद अमन घर पर अकेला ही रहता था। उसके पास दोस्त सागर आ जाता था।

आत्महत्या के कारणों का नहीं हो सका खुलासा

वहीं, कोसली थाना के एसएचओ कश्मीर सिंह ने बताया है कि दोनों युवक नशे के आदी थे। अमन तो मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था, जो अक्सर गली में आने वालों के साथ झगड़ता भी करता था। दोनों ने एक ही समय में अपने-अपने घर फांसी लगाई है। घटना की कोई वजह अभी तक सामने नहीं आई है।