गांव धनौरा में ड्रेन के पास से मिले शव
Kaithal News (आज समाज) कैथल: हरियाणा के कैथल में 2 लड़कों की गला रेतकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। एक साथ 2 लड़कों की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लड़कों के शव पास के गांव में ड्रेन के पास से मिले। दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान गांव बरेटा निवासी 15 वर्षीय प्रिंस पुत्र रोहताश और 16 वर्षीय अरमान पुत्र प्रीतम के रूप में हुई है। दोनों रविवार शाम से लापता थे। परिजनों को लगा कि 10वीं में पास होने की खुशी मनाने गए होंगे।

रविवार शाम को निकले थे घर से

पुलिस को दी शिकायत में चाचा बनी सिंह ने बताया कि प्रिंस और अरमान रविवार की शाम को साढ़े 4 बजे गांव के शिव मंदिर के पास देखे गए थे। इसके बाद घर आकर पशुओं को पानी पिलाया। यहां परिजनों ने दोनों को 5 बजे तक देखा। पशुओं पानी पिलाने के बाद दोनों साथ ही घर से निकलते देखे गए। मगर, इसके बाद से उनका पता नहीं चला।

प्रिंस ने पास की थी 10वीं कक्षा

चाचा बनी सिंह के मुताबिक प्रिंस को 17 मई को ही दसवीं का रिजल्ट आया था। इसमें वह पास हो गया था। दोनों के देर शाम तक घर नहीं लौटने पर सोचा कि पास होने की खुशी मनाने चले गए होंगे, आ जाएंगे। मगर, रात तक नहीं आए तो परिवार ने तलाश शुरू की। पूरा गांव छान मारा, लेकिन कोई पता नहीं चला। मोबाइल पर कॉल की गई तो वह भी नहीं मिला।

धनौरा तालाब के पास मिली लोकेशन

चाचा बनी सिंह ने बताया कि काफी देर तक तलाश करने के बाद दोनों के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई, जो 5 किलोमीटर दूर धनौरा तालाब के पास मिली। इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में गांव वाले धनौरा तालाब पहुंचे और दोनों बच्चों की तलाश की। यहां जगह तलाशा, लेकिन दोनों को पता नहीं चला। थक-हार कर सभी घर लौट आए।

सुबह के समय कैनाल के पास घने झुंड में मिले दोनों के शव

बनी सिंह के मुताबिक, सोमवार को सुबह फिर परिजन धनौरा तालाब के पास पहुंच गए और दोनों की तलाश की। रात को कैनाल के पास घने झुंड की तरफ नहीं देखा गया था तो सुबह सबसे पहले वहीं तलाश किया गया। इसी दौरान अरमान का शव पड़ा मिल गया। वह औंधे मुंह पड़ा था, उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे। अरमान से करीब 15 फुट दूर प्रिंस का शव भी पड़ा मिला। उसके गले पर भी हथियार से वार कर हत्या की गई थी।

गर्दन पर तेजधार हथियार से किया गया हमला

इसकी सूचना मिलते ही डीएसपी वीरभान मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार के लोगों से मामले की जानकारी ली। सदर थाने के एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों लड़कों की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने उनके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हालांकि अभी तक कातिलों के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। पुलिस आरोपियों और हत्या के पीछे का मकसद पता लगाने में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में 1 से 30 जून तक बंद रहेंगे स्कूल