पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने दो विशेष डेटोनेटर, कोडर और डिकोडर युक्त पीटीटी टाइमर, 9 वोल्ट बैटरी बरामद की
Punjab Crime News (आज समाज), गुरदासपुर। अमृतसर ग्रामीण, गुरदासपुर और काउंटर इंटेलिजेंस विंग के स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकी माड्यूल के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर इस माड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आकाश मसीह और जबलौन के रूप में हुई है, जो दोनों जिला गुरदासपुर के थाना घुमान कलां के गांव दुल्ला नंगल के निवासी हैं।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ महत्वपूर्ण बरामदगियां हुई हैं, जिनमें पांच हैंड ग्रेनेड, दो विशेष डेटोनेटर, कोडर और डिकोडर युक्त पुश-टू-टाक (पीटीटी) टाइमर, 9 वोल्ट बैटरी, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) सामग्री (1 किलोग्राम उच्च विस्फोटक), केबल तथा ट्रिगर सहित एक बाओफेंग वाकी-टाकी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि यह माड्यूल राज्य में शांति भंग करने के लिए उच्च-प्रभाव वाले आतंकी हमलों की तैयारी कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह आया सामने
डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) बार्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आईएसआई समर्थित आतंकी माड्यूल विदेशी हैंडलरों द्वारा संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इसके आगे-पीछे के संबंध, व्यापक साजिश और स्थानीय सहयोगी नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। उन्होंने आगे बताया कि फोरेंसिक और बम निरोधक टीमों को मौके पर बुलाया गया और विस्फोटक सामग्री व ग्रेनेड को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने आपरेशन का विवरण देते हुए बताया कि टी-प्वाइंट जोगोवाल बेदिया पर विशेष पुलिस चेकिंग के दौरान जोगोवाल बेदिया गांव की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने मौके से भागने के लिए यू-टर्न लेने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया।एसएसपी ने बताया कि पीछे बैठे व्यक्ति के पास नीले और पीले रंग के दो बैग थे, जिन्हें कपड़े से ढका हुआ था। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से विस्फोटक सामग्री और उपकरण बरामद किए गए।


