कहा- एक महीने का वेतन बाढ़ राहत के लिए देंगे सभी विधायक
CM Nayab Saini,(आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी भरा वहां खराब फसलों के लिए प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तक का मुआवजा दिया जाता है। ऐसे क्षेत्रों में हरे चारे की कमी हुई तो इस समस्या को दूर करने के लिए हम उन जिलों से सूखा चारा मंगवाएंगे। जलभराव वाले क्षेत्रों में गिर गए अथवा आंशिक नुकसान वाले मकानों का हम एक सर्वे करवाकर मकानों के नुकसान की भरपाई करेंगे।

सीएम ने कहा कि सभी विधायक और समर्थित विधायक एक महीने का वेतन बाढ़ राहत के लिए देंगे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भी मुख्यमंत्री राहत कोष में स्वेच्छा से मदद का भी आग्रह किया है। जो मकान मालिक 20 साल से अगर एक जगह पर बैठा है और उसकी छत को नुकसान हुआ है तो उसकी सहायता भी सरकार करेगी।

169738 किसानों ने ई क्षतिपूति कराया पंजीकरण

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार भारी बारिश के कारण हुए नुकसान की लगातार निगरानी कर रही है। हमने बाढ़ से नागरिकों को हुई कठिनाइयों को कम करने के लिए ई क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला है। आज तक क्षतिपूर्ति पोर्टल पर प्रदेश के 2897 गांवों के 169738 किसानों ने 996701 एकड़ क्षेत्र का पंजीकरण करवाया है।

शोक संतप्त परिवारों को दी जाएगी वित्तीय सहायता, 48 लाख रुपए की राशि जारी

सीएम ने कहा कि हमने बाढ़ व जलभराव से ग्रस्त क्षेत्रों में तुरंत राहत के लिए प्राथमिकताएं तय की हैं। तत्काल राहत उपायों के लिए जिलों को आरक्षित निधि के रूप में कुल 3 करोड़ 6 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं।

सीएम ने कहा कि मुझे दुख है कि मकान ढहने से प्रदेश के 12 लोगों की जान चली गई है। इनमें जिला फतेहाबाद व भिवानी में तीन-तीन, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर में दो-दो और हिसार व फरीदाबाद में एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। उनके शोक संतप्त परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए 48 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता भी जारी की गई है।

चिकित्सा के व्यापक प्रबंध

सीएम नायब सैनी ने बताया, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीमें भेजकर उनकी चिकित्सा के व्यापक प्रबंध किए हैं। अब तक 135 चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं और 376 शिविर चल रहे हैं। सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा।

जम्मू कश्मीर, पंजाब और हिमाचाल को दी वित्तीय सहायता

बैठक में सीएम ने बताया कि हमने पिछले दिनों जम्मू कश्मीर और पंजाब को 5 करोड़ रुपए की मदद की थी। आज हिमाचल प्रदेश के लिए हमारी सरकार ने 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी है।

ये भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र के 100 गांव से बाढ़ से प्रभावित, हिसार में 200 गांवों में फसलें बर्बाद, सिरसा में घग्घर नदी ओवरफ्लो