कुल 1400 गांवों में फैला बाढ़ का पानी, किसानों व पशुपालकों को हुआ बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान

Punjab Flood Update  (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। रविवार तक जहां बाढ़ की चपेट में प्रदेश के आठ जिले थे वहीं मंगलवार शाम तक बाढ़ ने प्रदेश के 12 जिलों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रदेश के कुल 1400 गांवों में बाढ़ का पानी भर चुका है और इससे करीब तीन लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से किसानों और पशुपालकों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। एक तरफ जहां किसानों की लाखों एकड़ कृषि योग्य भूमि बाढ़ की भेंट चढ़ चुकी है वहीं हजारों पशु भी बाढ़ के पानी में जान खो चुके हैं।

ये जिले हैं बाढ़ से प्रभावित

मंगलवार शाम तक पंजाब के 12 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इनमें अमृतसर, गुरदासपुर, मोगा, पठानकोट, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर, पटियाला, मोहाली, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना शामिल हैं। कुल 1400 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं मंगलवार शाम को जालंधर के फिल्लौर में सतलुज का जलस्तर बढ़ने से श्री शनि मंदिर में 2 फीट तक पानी घुस गया। भाखड़ा में जलस्तर बढ़ने के बाद इसके गेट 7 फीट तक खोल दिए गए हैं।

प्रदेश में अगले कुछ घंटे बहुत भारी

पंजाब में मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार 3 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने संभावना है। यह अलर्ट 3-4 सितंबर की रात 1 बजे तक रहेगा। उधर भगवंत मान ने दिन में फिरोजपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अपने पूरे साल का वेतन दान दे दिया है। उधर, हरियाणा सरकार ने भी 5 करोड़ रुपए की मदद भेजी है।

ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : हथियारों सहित लॉरेंस गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार