Chandigarh Crime News (आज समाज) चंडीगढ़ : युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत प्रदेश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 112 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 5.8 किलोग्राम हेरोइन, 587 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 19,050 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इस प्रकार 402 दिनों में कुल 57,519 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने आज 73 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित भी किया, जिससे समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
गैंगस्टरों से संबंधित 501 ठिकानों पर की छापेमारी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निदेर्शों पर शुरू की गई निर्णायक गैंगस्टरों ते वार मुहिम के 77वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 501 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरों ते वार पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई एक व्यापक मुहिम है, जिसकी शुरूआत 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (ए जी टी एफ ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
202 व्यक्तियों को किया गिरफ्तार
77वें दिन की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 202 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरूआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 19,450 हो गई है। इसके अतिरिक्त 89 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 58 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। इस दौरान पुलिस ने 10 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। जनता एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से जानकारी दे सकती है तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं साझा कर सकती है।
फगवाड़ा पुलिस को मिली बड़ी सफलता
कपूरथला पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 16.8 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद की है।
यह जानकारी देते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ले के बलविंदर सिंह, अमृतसर के गोहलवार की सुमनप्रीत कौर, अमृतसर के दाऊके गांव के रहने वाले हरपाल सिंह और जसकरनबीर सिंह के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी कार को भी जब्त कर लिया है, जिसमें सवार होकर वे जा रहे थे।


