योग गुरु स्वामी रामदेव कराएंगे योगाभ्यास
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 1 लाख लोग एक साथ योग करेंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे और योग गुरु स्वामी रामदेव योगाभ्यास कराएंगे। यह पहली बार होगा जब इतनी संख्या में लोग एक साथ योग करेंगे। इसे गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया जाएगा। इसमें प्रदेश भर से 10 लाख से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं कार्यक्रम की तैयारी के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव हेल्थ सुधीर राजपाल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। साथ ही आयोजन स्थल का भी जायजा लिया। अधिकारियों को बारीकी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम स्थल के पास वाहनों की पार्किंग व्यवस्था करने की बात कही। योग दिवस पर केंद्र सरकार के मंत्रियों की भी भागीदारी रहेगी।

कार्यक्रम में हिस्सा लेने वालों के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल किया शुरू

कार्यक्रम ब्रह्मसरोवर के किनारे होगा। इसके लिए ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड को 100 सेक्टरों में बांटा जाएगा। योग में स्टूडेंट्स के साथ-साथ एनजीओ, पंचायतें, सरकारी विभाग, पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान भी हिस्सा लेंगे। प्रशासन की ओर से योग में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू किया गया है, ताकि योग में आने वाले लोगों की संख्या पता चल सके।

500 से ज्यादा योग साधक 8 जून से देंगे ट्रेनिंग

जिले में 8 जून से 5 दिन तक योग की क्लासेस लगाई जाएंगी, जिनमें लोगों को योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके लिए प्रदेश भर से 500 से ज्यादा योग साधक कुरुक्षेत्र आएंगे। योग साधक जिले के 422 गांवों और 122 शहरी वार्डों में जाकर योग की क्लासेस कराएंगे। इसमें प्रत्येक डिपार्टमेंट की भागीदारी होगी।

ये भी पढ़ें : हरियाणा के 5 जिलों में आंधी-बारिश का आॅरेंज अलर्ट, 17 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना