World Athletics – Fraser overtook 3, including Bolt, the first racer to win 4 golds in 100 meters: वर्ल्ड एथलेटिक्स- फ्रेजर 100 मीटर में 4 स्वर्ण जीतने वाली पहली रेसर, बोल्ट समेत 3 को पीछे छोड़ा

0
333

नई दिल्ली। जमैका की शेली एन फ्रेजर प्राइस ने कतर की राजधानी दोहा में रविवार को महिलाओं की 100 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीत लिया। इस टूर्नामेंट के इतिहास में ये उनका चौथा स्वर्ण है। फ्रेजर प्राइस 100 मीटर रेस में चार बार चैम्पियन बनने वाली दुनिया की पहली रेसर बन गईं। उन्होंने जमैका के उसेन बोल्ट, अमेरिका के कार्ल लुईस और मॉरिस ग्रीन के 3-3 स्वर्ण पदक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। महिलाओं में फ्रेजर प्राइस के बाद सबसे ज्यादा 2 स्वर्ण अमेरिका की मरियन जोन्स के नाम हैं।
फ्रेजर प्राइस ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 10.71 सेकंड का समय लिया। ब्रिटेन की डाइना एशर-स्मिथ 10.83 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। दो साल पहले लंदन में 100 मीटर और 200 मीटर रेस में रजत पदक जीतने वाली आइवरी कोस्ट की मैरी जोस ता लोउ को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उन्होंने 10.90 सेकंड में रेस पूरी की।
फ्रेजर प्राइस बच्चे के साथ पोडियम पर आईं
32 साल की फ्रेजर प्राइस 2008 और 2012 ओलिंपिक में स्वर्ण जीती थीं। दोहा में उनके प्रदर्शन के बाद ऐसा माना जा रहा है कि वे अगले साल टोकियो ओलिंपिक में भी स्वर्ण जीत सकती हैं। रेस जीतने के बाद फ्रेजर प्राइस ने कहा, अपने बच्चे के साथ इस पोडियम पर खड़ा होना सपना पूरा होने के बराबर है। मैं पिछली रात बिल्कुल भी नहीं सो पाई। पिछली बार मैं 2016 में कोई बड़ा टूर्नामेंट जीती थी।

SHARE