Ten MLAs of Chamling’s party joinin BJP in Sikkim: सिक्किम में चामलिंग की पार्टी के दस विधायक भाजपा में शामिल

0
217

सिक्किम। सिक्किम में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री चामलिंग की पार्टी को झटका लगा। सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के 10 विधायक आज पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में पार्टी महासचिव राम माधव की उपस्थिति में एसडीएफ के 10 विधायक भाजपा में शामिल हुए। इनमें पांच बार के विधायक दोरजी शेरिंग लेप्चा के अलावा डी आर थापा, कर्मा सोनेम लेप्चा, के बी राय, टी टी भूटिया, फरमंती तमांग, पिंटो नामग्याल लेप्चा, राम कुमारी थापा आदि शामिल हैं। भाजपा महासचिव राम माधव ने इस मौके पर कहा कि सिक्किम में पिछले 25 वर्षों से सत्ता में रहे एसडीएफ को इस बार के विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर विजय मिली। इनमें से दो व्यक्ति दो दो सीटों पर विजयी हुए थे। इस प्रकार से सीटों की प्रभावी संख्या 13 थी। उन्होंने कहा कि इनमें से 10 विधायकों ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय किया। इस विषय पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन और कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा के दिशानिर्देशन में इन विधायकों को भाजपा में शामिल किया गया है। अब सिक्किम में भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। एसडीएफ से भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ विधायक दोरजी शेरिंग लेप्चा ने कहा कि आज 10 विधायक भाजपा में शामिल हुए हैं और इसके लिए हम पूरी टीम की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा के प्रति आभार प्रकट करते हैं।

SHARE