Gita’s message will be echoed in the country and abroad from AIR Kurukshetra: आकाशवाणी कुरुक्षेत्र से अब देश-विदेश में गुंजेगा गीता का संदेश

0
394

कुरुक्षेत्र। जी हां! अब देश-विदेश के स्मार्ट फोन का प्रयोग करने वाले आकाशवाणी के श्रोता न्यूज आॅन एअर ऐप के माध्यम से प्रतिदिन आकाशवाणी कुरुक्षेत्र से प्रसारित होने वाले गीता के संदेश को सुन सकेंगे। ये खुशखबरी उन सभी आकाशवाणी श्रोताओं के लिए है, जिनके लिए अब कुरुक्षेत्र आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम आॅनलाइन हो चुके हैं। यानि अब आकाशवाणी श्रोता दुनिया के किसी भी कोने में रह रहे हैं, उनके लिए अब फ्रिक्वेंसी की बाध्यता नहीं होंगी। तकनीक के साथ कदमताल करते हुए आकाशवाणी कुरुक्षेत्र अब डिजीटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध हो गया है। न्यूज आॅन एअर ऐप पर अब दिनभर आकाशवाणी कुरुक्षेत्र से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम को सुना जा सकेगा। यहां बता दें कि मीडियम वेव प्रसारण अब तक मनुअल होता आया है। जो लोग इसे सुनना चाहते हैं अब उन्हें अलग से रेडियो लेकर चलने की जरूरत नहीं, क्योंकि अब आपके मोबाइल पर यह सुविधा मिलनी आरंभ हो चुकी है। गौरतलब है कि हरियाणा में रोहतक, कुरुक्षेत्र और हिसार तीन शहरों में आकाशवाणी केंद्र स्थापित किए गए हैं। रोहतक आकाशवाणी केंद्र के कार्यक्रम जहां पहले ही आॅनलाइन हो चुके हैं, वहीं अब कुरुक्षेत्र आकाशवाणी केंद्र द्वारा प्रसारित कार्यक्रम भी आॅनलाइन हो चुके हैं।
कुरुक्षेत्र आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले मुख्य कार्यक्रम
कुरुक्षेत्र आकाशवाणी पर प्रतिदिन सुबह 5:55 से रात 11:05 बजे तक विभिन्न कार्यक्रम प्रसारित किए जाते हैं। इनमें विशेष रूप से श्रोताओं द्वारा पसंद किए जाने वाले कार्यक्रमों में प्रतिदिन सुबह साढ़े आठ बजे प्रसारित होने वाला ज्ञानवर्धक कार्यक्रम सुप्रभात के अलावा प्रतिदिन शाम 6:20 पर प्रसारित होने वाला श्रीमद्भगवतगीता का संदेश शामिल है। इसके अलावा किसानों की समस्याओं के समाधान से संबंधित किसानवाणी, युववाणी, हेलो एफएम, महिला जगत व बालसभा विशेष रूप से शामिल हैं।
रेडियो श्रोताओं में खुशी की लहर
आकाशवाणी श्रोताओं में इस सूचना की जानकारी मिलते ही खुशी की लहर है। आकाशवाणी श्रोताओं यश कुमार वर्मा, बिजेंद्र कुमार, देवीलाल, विनय, पंकज, कविता, गगन, राजेश व सुधीर वर्मा आदि का कहना है कि पहले हम आकाशवाणी कुरुक्षेत्र को अपने रेडियो सेट या मोबाइल रेडियो पर एक दायरे में सुन पाते थे, लेकिन अब इसके मोबाइल ऐप पर आ जाने के कारण इसको दुनिया में कहीं पर भी बड़ी आसानी से सुन सकते हैं। आकाशवाणी कुरुक्षेत्र के मोबाइल ऐप पर आने पर सन्निहित रेडियो लिस्नर्स क्लब हरियाणा की पूरी टीम ने खुशी जताई और प्रसार भारती का धन्यवाद किया। मुख्य संपादक बिजेंद्र कुमार जयजान ने बताया कि आकाशवाणी कुरुक्षेत्र के मोबाइल ऐप पर आ जाने से देश-विदेश में गए हमारे स्थानीय लोग भी गीता का संदेश आसानी से सुन सकते हैं। इसके अलावा प्रादेशिक समाचार व सुबह कार्यक्रम सुप्रभात में स्थानीय समाचार पत्रों की सुर्खियां व स्थानीय जानकारी हासिल कर सकते है।

-डॉ. राजेश वधवा

SHARE