Snowfall in upper areas including Shimla: शिमला समेत ऊपरी इलाकों में बर्फबारी

0
291

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर बर्फबारी हुई है। गुरुवार रात हुई बर्फबारी से राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर का प्रकोप फिर बढ़ गया है। गुरुवार को रात के वक्त जहां तेज हवाएं चली। इसके साथ ही कई निचले स्थानों पर बारिश हुई, वहीं ऊंचे इलाकों में हिमपात होने लगा। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड से जूझना पड़ रहा है। बारिश और बर्फबारी से तापमान में भी कमी आई है। राजधानी शिमला समेत ऊपरी इलाकों में कई स्थानों पर बीती रात हिमपात हुआ।
राजधानी में सुबह जब लोग उठे तो चांदी सी सफेद चादर बिछी पाई। इससे पहले बीती रात बारिश भी हुई और तेज हवाएं भी चली। इससे यहां ठंड और बढ़ गई। उधर, कुफरी, फागू, छराबड़ा, नारकंडा, खड़ापत्थर, खिड़की समेत समेत कई अन्य ऊंचे स्थानों पर हिमपात हुआ। इससे ऊपरी शिमला के लिए सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया था। प्रशासन ने सड़कों की बहाली का कार्य सुबह ही शुरू कर दिया और फिर जाकर दोपहरबाद कुफरी और फागू को यातायात के लिए बहाल किया जा सका।
कुफरी में 23 सेंमी. बर्फबारी हुई : पर्यटन स्थल कुफरी में बीती रात 23 सेंमी. बर्फबारी रिकॉर्ड की गई, जबकि शिमला में 3 सेंमी. बर्फ गिरी। वहीं, नारकंडा में भी करीब एक फीट बर्फ गिरने की सूचना है। किन्नौर के कल्पा में बीती रात हलका ही हिमपात हुआ। वहीं, शिमला में बीती रात 22 मिमी. बारिश हुई है। सुंदरनगर में 8.3, मिमी., धर्मशाला में 10.6, नाहन में 16.7, सोलन में 20.1, बिलासपुर में 18, डलहौजी में 10, मंडी में 6.1, गमरूर में 47, संगड़ाह में 39, राजगढ़ में 21, पांवटा साहिब में 20, जुब्बड़ हट्टी में 19 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई।
शिमला का तापमान 0.2 डिग्री पहुंचा : बर्फबारी और बारिश के कारण राज्य में न्यूनतम तापमान में भारी कमी आई है। शिमला का तापमान भी काफी गिरा है। गुरुवार रात यहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कुफरी में यह माइनस 1.6 डिग्री रहा। लाहौल-स्पीति के कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस 3.7 और कल्पा में 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 9.5, धर्मशाला में 6.6, डलहौजी में 1.7, ऊना में 9.2, मंडी में 9.4 और भुंतर में 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
बर्फ में फंसे सात लोगों को सुरक्षित निकाला
गुरुवार रात हुई बर्फबारी में फिर से लोग फंस गए। इस बार लोग पर्यटन स्थल कुफरी, फागू में नहीं, बल्कि चौपाल के ऊंचे क्षेत्र खिड़की और देहा के बीच फंस गए, लेकिन जिला प्रशासन की मुस्तैदी से इन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। गुरुवार रात देहा और खिड़की के बीच सात लोग फंस गए थे, इनमें दो महिलाएं और एक नवजात शिशु भी था। उपायुक्त शिमला अमित कश्यप ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार रात ऊपरी शिमला क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण चौपाल के देहा और खिड़की के बीच फंसे 7 यात्रियों का बचाव कार्य जिला प्रशासन व संबंद्ध विभागों द्वारा सफल रूप से किया गया। उन्होंने बताया कि इन 7 यात्रियों में 2 महिलाएं व एक नवजात शिशु भी शामिल था। उन्होंने बताया कि शिमला शहर की सभी सड़कें खुली हैं और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। कुफरी-छराबड़ा-फागू रोड से बर्फ को हटा दिया गया है और सड़क पर फिस्लन वाले जगहों पर सुरक्षा की दृष्टि से रेत फेंकी जा रही है।

-लोकिन्दर बेक्टा

SHARE