Politicians are knocking at each other’s party: एक दूसरे की पार्टी में सेंध लगा रहे हैं राजनेता

0
306

अंबाला। किसी भी चुनाव से पहले सबसे अधिक नजर नेताओं के घर बदलने पर लगी होती है। खासकर लोक सभा चुनाव में यह ट्रेंड काफी बढ़ जाता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। लोकसभा चुनाव के एलान के साथ ही भाजप और कांग्रेस सहित तमाम क्षेत्रिय दलों में भी दल बदलने की होड़ लगी हुई है। आइए आज नजर डालते हैं बीजेपी में शामिल हुए कुछ बड़े नेताओं पर…
-कभी कांग्रेस अध्यक्ष की सबसे करीबी माने जाने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मीडिया प्रभारी रहे टॉम वडक्कन ने 14 मार्च को भाजपा का दामन थाम लिया। कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में वो भाजपा में शामिल हो गए।
-इसी 12 मार्च को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल के बेटे सुजय विखे पाटिल ने बीजेपी में शामिल हो गए। राधाकृष्ण विखे पाटिल महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता भी हैं। सुजय, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दान्वे की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।
-बीजू जनता दल के पूर्व सांसद बैजयंत ‘जय’ पांडा, 4 मार्च को भाजपा में शामिल हो गए। बीते दिनों जय पांडा पर पार्टी विरोध गतिविधियों के आरोप लगे थे जिसके बाद पहले उन्हें निलंबित कर दिया गया था और फिर संगठन में हाशिए पर रहने के बाद पिछले साल उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।
-हरियाणा में कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद अरविंद शर्मा ने हाथ से अपना हाथ झटक लिया है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया।
-टीएमसी विधायक अर्जुन सिंह भी 14 मार्च को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने मुकुल रॉय और कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। अर्जुन सिंह ने कहा कि जो टीएमसी कभी ‘मां, माटी और मानुष’ की बात करती है वहां अब सिर्फ ‘मनी’ यानी पैसा चलता था।
-तृणमूल कांग्रेस सांसद सौमित्र खान 9 मार्च को भाजपा में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव को देखते हुए सौमित्र के भाजपा में शामिल होने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
-तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित सांसद अनुपम हाजरा 12 मार्च को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। हाजरा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के बोलपुर से जीत दर्ज की थी।

शशि थरूर के परिजनों ने थामा कमल
कोच्चि। कांग्रेस प्रवक्ता टॉम वडक्कन के भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य शशि थरूर के मौसा-मौसी ने शुक्रवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। थरूर की मां की बहन, सोभना शशिकुमार और उनके पति शशिकुमार तथा 13 अन्य लोग बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी के राज्य अध्यक्ष पी.एस. श्रीधरन पिल्लै ने सभी का पार्टी में स्वागत किया।

बॉक्स
आज हो सकती है बीजेपी के उम्मीदवारों की घोषणा
आज समाज नेटवर्क
नई दिल्ली। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार को होगी जिसके बाद पार्टी लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची जारी कर सकती है। इस सूची में अधिकतर नाम पहले चरण में होने वाले मतदान वाली सीटों से संबंधित होंगे। पहले चरण में 91 सीटों के लिए 11 अप्रैल को मतदान होगा। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा अपने कुछ वर्तमान सांसदों का टिकट काट सकती है। सभी की नजरें शनिवार को होने वाली बैठक पर टिकी है।

SHARE