Ashok Tanwar resigns from Haryana Congress: हरियाणा कांग्रेस से अशोक तंवर का इस्तीफा

0
260

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के अंदर अनदेखी से नाराज चल रहे हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने पार्टी छोड़ दी है। पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर कांग्रेस के अंदर टिकट वितरण को लेकर खासे नाराज थे और उन्होंने कांग्रेस पर आरोप भी लगाए थे। सूत्रों के अनुसार हुड्डा और अशोक तंवर दो अलग धड्डे थे। अब चूंकि विधान सभा चुनावों में हुड्डा और कुमारी शैलजा का प्रभाव टिकट बंटवारे में साफ है। अशोक तंवर के नामों को तरजीह नहीं मिली जिसकी वहज से अशोक तंवर नाराज थे। गुरुवार को ही अशोक तंवर ने चुनाव के लिए बनी विभिन्न समितियों से इस्तीफा दे दिया था और आरोप लगाया था कि हरियाणा कांग्रेस अब ‘हुड्डा कांग्रेस बनती जा रही है। तंवर ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा कि उन्हें समितियों से मुक्त किया जाए और वह सामान्य कार्यकर्ता की तरह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। वह चुनाव के लिए बनी प्रदेश चुनाव समिति सहित कई समितियों में शामिल थे। तंवर ने हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा था कि देश में लोकतंत्र है, लेकिन हरियाणा में बड़े बड़े राजघराने हैं। कुछ हमारी पार्टी में हैं और कुछ लोग दूसरी पार्टी में हैं। मेरे खिलाफ असहयोग आंदोलन चलाया लेकिन लोकसभा चुनाव में छह फीसदी वोट बढ़ा। उन्होंने यह भी दावा किया कि हरियाणा कांग्रेस अब ‘हुड्डा कांग्रेस बनती जा रही है।

SHARE