Five lakh crores of investors drowned in India, the biggest decline in US stock market: भारत में निवेशकों के पांच लाख करोड़ डूबे, अमेरिकी शेयर बाजार में दिखी सबसे बड़ी गिरावट

0
247

नई दिल्ली। चीन से फैला कोरोनावायरस इतना खतरनाक है कि इसकी जद में आने वाले लोगों की जिंदगी तक दांव पर लग जा रही है। वहीं दूसरी तरफ इस कोरानावायरस की वजह से शेयर बाजार में भी भारी गिरावट देखने को मिल रही है। आज शुक्रवार को सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। भारत का ही नहीं बल्कि दुनिया भर का शेयर बाजार कोरोनावयरस के कारण डूबा है। बात करें बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की तो दोपहर 12:07 बजे प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,214.27 अंक यानी 3.06 की गिरावट के बाद 38,531.39 के स्तर पर था। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 364 अंक यानी 3.13 फीसदी की गिरावट के बाद 11,269.30 के स्तर पर था। घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट से कुछ ही मिनटों में निवेशकों के करीब पांच लाख करोड़ रुपये डूब गए। इससे पहले सुबह 9:51 बजे सेंसेक्स 1,164 अंकों की गिरावट के बाद 38,581 के स्तर पर था। जबकि निफ्टी 350 अंकों की गिरावट के बाद 11,285 के स्तर पर था। सुबह 9:34 बजे सेंसेक्स 1,044.18 अंकों की गिरावट के बाद 38,701.48 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 301.60 अंकों की गिरावट के बाद 11,331.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। बता दें कि पिछले कई दिनों से लगातार चीन से फैले खतरनाक कोरोनावायरस की वजह से वैश्विक शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसकी वजह से निवेशक बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। लगातार छह दिनों से बाजार में गिरावट दर्ज की जा रही है। इन छह दिनों में निवेशकों को करीब 10 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। अमेरिका का शेयर मार्केट 2008 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। डाउ जोंस में एक दिन में सबसे बड़ी 1,191 अंक की गिरावट दर्ज की गई।

SHARE